यूपी सियासत: ‘अखिलेश यादव अयोध्या से लड़ें चुनाव, मैं भी लड़ता हूं’; सीएम योगी ने दी खुली चुनौती, कहा- पता चल जाएगा किसमें कितना दम

SHARE:

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के उतरौला स्थित कालूबनकट में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 803 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया और विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला और उन्हें अयोध्या से सीधे चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दे डाली।

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या से चुनाव लड़ें, हम भी उनके सामने चुनाव लड़ेंगे, जिससे आमने-सामने की लड़ाई में यह पूरी तरह साफ हो जाएगा कि किसमें कितना दम है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग माफियाओं के सामने नाक रगड़ते थे, वे आज सरकार को चुनौती देने की बात कर रहे हैं। अयोध्या के प्रति अपनी अगाध आस्था व्यक्त करते हुए सीएम ने कहा कि वह बार-बार अयोध्या जाते हैं और वह उनके लिए केवल एक शहर नहीं, बल्कि पावन आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। उन्होंने विपक्षियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों ने पहले ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष पर प्रतिबंध लगाया था, वे आज अयोध्या के विकास कार्यों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी और मां विंध्यवासिनी धाम में हो रहे अभूतपूर्व विकास का विरोध दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का विरोध है।

कानून-व्यवस्था और पिछली सरकारों की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले जिन लोगों की विकास कार्यों में कोई रुचि नहीं थी, वे जनता के पैसों को कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल बनवाने पर खर्च करते थे और दंगाइयों को संरक्षण देते थे। आज प्रदेश में कानून का राज है और कोई भी उपद्रवी दंगा करने की हिम्मत नहीं जुटा सकता। बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों के लिए केवल जेल या जहन्नुम का ही रास्ता बचता है। इस अवसर पर बलरामपुर के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में जिले में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लिए धनराशि दी गई है, जिससे जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक रामप्रताप वर्मा, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

Navhind Samachar
Author: Navhind Samachar

नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now