Sonbhadra News : दुद्धी की धरती पर पहली बार सजा जनपदीय खेलों का मंच, ट्रैक पर खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• विजेताओं को डीआईओएस ने पहनाए मेडल

• दुद्धी में बड़े खेल मैदान का सपना पूरा करने का दिया भरोसा

सोनभद्र । तहसील मुख्यालय दुद्धी ने आज माध्यमिक स्तर के 35वें जनपदीय क्रीड़ा समारोह की पहली बार मेजबानी कर खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। तीन दिवसीय जनपदीय खेल समारोह के शुभारंभ के मौके पर विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने ट्रैक पर अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। पहली बार दुद्धी में आयोजित हो रहे जनपदीय खेल समारोह को लेकर खिलाड़ियों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता, विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह एवं चेयरमैन कमलेश मोहन ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। अतिथियों ने ध्वजारोहण कर समारोह के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। शांति और सद्भाव के प्रतीक कबूतर तथा गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया गया।

खेल से बढ़ता है विद्यार्थियों का आत्मविश्वास- एसडीएम

मुख्य अतिथि एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि “दुद्धी तहसील मुख्यालय पर जनपदीय क्रीड़ा समारोह का आयोजन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने आयोजन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक और संयोजक सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ आत्मविश्वास भी पैदा करती हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना ही खिलाड़ी के हौसले को बढ़ाता है और खेल के माध्यम से विद्यार्थी अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश में ऐसे तमाम खिलाड़ी हैं, जिन्होंने छोटे शहरों और गांवों से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। सूर्यकुमार यादव और महेंद्र सिंह धोनी का उदाहरण देते हुए उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।”

दुद्धी से पुराना जुड़ाव, बड़े खेल मैदान का सपना अभी अधूरा- डीआईओएस

जिला विद्यालय निरीक्षक एवं समारोह के आयोजक जयराम सिंह ने कहा कि तीन दिवसीय जनपदीय क्रीड़ा समारोह का विधिवत शुभारंभ हो गया है। दुद्धी से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी नौकरी की शुरुआत दुद्धी जीआईसी से हुई थी। दुद्धी के लोगों से मिले स्नेह के कारण आज भी उनका इस क्षेत्र की मिट्टी से भावनात्मक जुड़ाव है।

उन्होंने कहा कि एक समय दुद्धी क्षेत्र में शिक्षा और जागरूकता की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर थी, लेकिन आज यह क्षेत्र शिक्षा के हब के रूप में विकसित हो चुका है। दुद्धी कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक इंटर कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि दुद्धी में एक बड़े खेल मैदान का सपना अभी अधूरा है और इसे पूरा करने के लिए प्रयास जारी रहेगा।

800 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम –

प्रतियोगिता के दौरान 800 मीटर बालिका वर्ग में सुमन ने प्रथम, अमीषा ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी की हुस्नेआरा ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में जेबीएस शाहगंज के भावेश सिंह प्रथम, बद्रीनारायण इंटर कॉलेज गौरही के रमेश द्वितीय और लोकनाथ इंटर कॉलेज बघनारी के अनिल तृतीय रहे।

सब जूनियर बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में आयन कादरी प्रथम, आदर्श इंटर कॉलेज महुली के अंशु कुमार द्वितीय और प्रदीप कुमार तृतीय रहे। बालिका वर्ग में मुख्यांचल की अंजली मौर्य प्रथम, चांदनी द्वितीय और पूर्वांचल की सरिता तृतीय स्थान पर रहीं।

वरिष्ठ बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में भावेश ने प्रथम और राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रेम कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में ऊर्जांचल की स्नेहा प्रथम और पूर्वांचल की राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी की माही द्वितीय रहीं।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। मेडल मिलते ही खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

निर्णायकों और शिक्षकों ने संभाली जिम्मेदारी –

कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार सिंह एवं डॉ0 अमर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। निर्णायक की भूमिका में जगदंबा प्रसाद, डॉ0 राकेश कुमार कन्नौजिया, रोहित यादव, अनुराग त्रिपाठी, लाल मोहम्मद समेत अन्य व्यायाम शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ये रहे मौजूद –

इस मौके पर डॉ0 लवकुश प्रजापति, ऋषिकेश पाठक, उमाकांत मिश्रा, डॉ0 बृजेश सिंह, संतोष सिंह, कमलेश यादव, शोयब अहमद, संदीप सिंह चौधरी, आर0पी0 श्रीवास्तव, ऋषिकेश, सुनील कुमार राव, दीपक कुमार, रीता यादव, रुपाली, शोभा यादव और सत्यनारायण कन्नौजिया समेत जनपद के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now