सोनभद्र में स्वास्थ्य व शिक्षा के मुद्दों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे सोनभद्र विकास मंच के अध्यक्ष, पुराने अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सा सेवा की मांग

SHARE:

सोनभद्र। सोनभद्र विकास मंच द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार, 24 अगस्त को सोनभद्र विकास मंच के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव शहर के पुराने चिकित्सालय परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। भूख हड़ताल की शुरुआत दैनिक नमन के जिला संवाददाता अनिल कुमार तिवारी द्वारा उन्हें माला पहनाकर कराई गई।

यह विरोध प्रदर्शन शहर के पुराने अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा बहाल करने, जिले के विभिन्न अस्पतालों व मेडिकल कॉलेज में रिक्त पड़े पदों को भरने, शिक्षा के गिरते स्तर में सुधार लाने, पुराने व ढ़ीले बिजली के तारों को दुरुस्त कराने, पानी की किल्लत दूर करने तथा सोनभद्र से सूरत, मुंबई व हावड़ा के लिए नई ट्रेनों के संचालन जैसी प्रमुख जनहितकारी मांगों को लेकर शुरू किया गया है।
भूख हड़ताल पर बैठे सोनभद्र विकास मंच के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व में सक्षम प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पुराने चिकित्सालय में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का तीन बार लिखित आश्वासन दिया जा चुका है, परंतु आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यह शहरवासियों के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने कहा कि जिले में जर्जर व झूलते बिजली के तारों को तुरंत ठीक किया जाना बेहद जरूरी है, अन्यथा हर समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्वास्थ्य और शिक्षा की मूलभूत सुविधाएं आम जनता तक पहुंचाने के लिए अस्पतालों व मेडिकल कॉलेज के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मस्तिष्क एवं हृदय रोग से पीड़ित होने के बावजूद उन्होंने कभी जनहित के मुद्दों से पीछे हटना नहीं सीखा। भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उनकी 20 वर्षों की मान्यता प्राप्त पत्रकारिता का नवीनीकरण रोककर उन्हें प्रताड़ित करने का प्रयास किया गया, लेकिन वे बिना झुके और बिना रुके जनहित के संघर्ष पर अडिग हैं।
मंच के उपाध्यक्ष राम भवन पटेल एवं संगठन मंत्री रमेश प्रसाद मौर्य ने किसानों की समस्याओं को रेखांकित करते हुए मांग की कि जिले में किसानों को समय पर खाद और पानी की सुचारू व्यवस्था मिले तथा नहरों के झालों, पुलियों व नालियों की अविलंब मरम्मत कराई जाए। कार्यक्रम का संचालन करते हुए मंच के महामंत्री शिव प्रसाद यादव ने कहा कि जिले की बालिकाओं को उच्च शिक्षा सुलभ कराने के उद्देश्य से राजकीय महिला महाविद्यालय में विज्ञान एवं वाणिज्य विषयों में स्नातकोत्तर (पीजी) की कक्षाएं शुरू की जानी चाहिए। भूख हड़ताल के दौरान उप संगठन मंत्री परमेश्वर मौर्य, प्रवक्ता शिव पूजन दुबे, युवा अध्यक्ष प्रांजल श्रीवास्तव, युवा महामंत्री अनुपम दुबे, शाद अंसारी, जगदीश तोमर, बबलू कनौजिया, उमेश चौरसिया पंकज, संतोष श्रीवास्तव तथा कनिष्क भार्गव सहित मंच के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

NAV HIND SAMACHAR
Author: NAV HIND SAMACHAR

Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now