यूपी में खत्म होगा उमस का दौर: 17 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

SHARE:

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी उमस भरी गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है, जिससे तपिश और उमस का दौर समाप्त होगा। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी शुक्रवार यानी 17 जुलाई से पूरे राज्य में वर्षा का दौर तेज होने की उम्मीद है। 17 से 22 जुलाई के बीच तराई बेल्ट सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिसमें पश्चिमी यूपी और दिल्ली से सटे जिलों में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ओडिशा के उत्तरी तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) के प्रभाव से मानसून दोबारा सक्रिय हो रहा है। इसकी शुरुआत सबसे पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश से होगी और अगले 48 घंटों के भीतर इसका असर धीरे-धीरे मध्य व पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक फैल जाएगा। वैज्ञानिक के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से चक्रवाती परिसंचरण और मानसून ट्रफ के तराई क्षेत्र की ओर खिसक जाने के कारण केवल पूर्वी तराई के कुछ हिस्सों में ही छिटपुट बारिश हो रही थी, लेकिन अब पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है।

हालांकि, मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है, जिससे हवा में नमी अधिक रहने के कारण कई स्थानों पर चिपचिपी और उमस भरी गर्मी का अहसास बना रह सकता है। बीते चौबीस घंटों की बात करें तो बुधवार को 39.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रयागराज पूरे प्रदेश में सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। वहीं, कुछ जिलों में प्री-मानसून गतिविधियों के तहत बुधवार को अच्छी बारिश भी दर्ज की गई, जिसमें अंबेडकर नगर में सर्वाधिक 75 मिमी, हमीरपुर में 54 मिमी, मथुरा में 44 मिमी, अयोध्या में 42 मिमी और गोरखपुर में 38 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now