VIDEO
नव हिन्द समाचार के स्पेशल शो ‘सवाल हमारा, जवाब आपका’ में एंकर से बातचीत करते पूर्व विधायक और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे पूरी तरह विफल करार दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार का सच यह है कि इसका एक इंजन महंगाई का है और दूसरा इंजन भ्रष्टाचार का। उत्तर प्रदेश की 9 साल कार्यकाल वाली भाजपा सरकार में जनता को खोखले वादे और खोखले भाषणों के अलावा कुछ नहीं मिला। यह सरकार जमीनी हकीकत से कोसों दूर है और केवल ‘राम-राम जपना पराया माल अपना’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। भाजपा पर चंदा चोरी का गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग प्रभु श्री राम के चंदे के नहीं हुए, वे आम जनता के क्या सगे होंगे। सोनभद्र जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल उठाते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि यहाँ स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बहुत बड़ा रैकेट सक्रिय है, जहाँ कोई अस्पताल सील होता है और महज चार दिन बाद उसका ताला खोलकर दोबारा इलाज शुरू कर दिया जाता है। यह सब कुछ सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेताओं के सीधे संरक्षण में फल-फूल रहा है। कानून-व्यवस्था की बदहाली का जिक्र करते हुए सपा नेता ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार की डायल 100 सेवा को बदलकर 112 तो कर दिया गया, लेकिन अब वह खुद 9-दो-11 हो चुकी है। यह सेवा समय पर मौके पर नहीं पहुँचती और अगर पहुँचती भी है, तो पीड़ित जनता की मदद करने के बजाय उनकी जेबें खाली करने का काम करती है। सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की जनता लगातार संकट में है। पहले नोटबंदी के समय लोगों को लाइनों में खड़ा किया गया, फिर कोरोना काल में ऑक्सीजन के लिए तड़पाया गया और आज जनता को रसोई गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि आने वाले समय में आम इंसान को खाना खाने और जिंदा रहने के लिए भी लाइन में लगना पड़ेगा। भारत को शिक्षा, चिकित्सा, सुरक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी क्षेत्रों में दुनिया का नंबर वन देश बनना चाहिए था, लेकिन वर्तमान सरकार की प्राथमिकताओं के कारण आज देश भूख सूचकांक में नंबर वन की ओर बढ़ रहा है। भाजपा की इस निम्न मानसिकता और कार्यप्रणाली से आज पूरे क्षेत्र की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
घोषणा (Disclaimer)
“इस कार्यक्रम में व्यक्त किए गए विचार, तथ्य और राय पूरी तरह से अतिथि (राजनेता) के निजी हैं। ये विचार नव हिन्द समाचार (संस्थान) और इसके संपादकीय बोर्ड की नीति या दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं।साक्षात्कार के दौरान बोले गए किसी भी तथ्य, दावे या सूचना की सत्यता और सटीकता के लिए नव हिन्द समाचार किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी या कानूनी सहायता दायित्व स्वीकार नहीं करता है।”
Author: Navhind Samachar
नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।





