विकसित सोनभद्र की नई उड़ान: चार दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी में दिखी प्रगति, तकनीकी नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की सशक्त तस्वीर

SHARE:

सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पंचायत रिसोर्स सेंटर, सोनभद्र में आयोजित चार दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी जनपद की विकास यात्रा, औद्योगिक प्रगति, तकनीकी नवाचार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का सजीव दस्तावेज बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकासवादी सोच से आज सोनभद्र विकास की पटरी पर तेजी से दौड़ रहा है। इस भव्य प्रदर्शनी में भारी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर विकास की बदलती और निखरती तस्वीर को बेहद नजदीक से देखा। इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य, विधायक सदर भूपेश चौबे, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद रामसकल, पूर्व सांसद नरेन्द्र सिंह कुशवाहा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि कभी पिछड़े जनपदों में गिना जाने वाला सोनभद्र आज ऊर्जा उत्पादन, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर प्रदेश के अग्रणी जनपदों में अपनी पहचान बना रहा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जनपद में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है तथा तकनीकी नवाचारों और औद्योगिक निवेश के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। मजबूत कानून-व्यवस्था, बेहतर आधारभूत संरचना और निवेश अनुकूल वातावरण के कारण प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिली है, जिससे युवाओं के लिए नए रास्ते खुल रहे हैं। इस चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकार की उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं, तकनीकी प्रगति एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनकी भूमिका से अवगत कराना है और इसमें उमड़ी भारी जनभागीदारी यह दर्शाती है कि विकास के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि यह विकास प्रदर्शनी केवल उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि जनपद की परिवर्तनकारी विकास यात्रा का जीवंत प्रतिबिंब है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सोनभद्र ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, डिजिटल सेवाओं, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। जिला प्रशासन का अंतिम लक्ष्य विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे नवाचार, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

इस भव्य प्रदर्शनी में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा सुशासन की उपलब्धियों को बेहद आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही आगंतुकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लाभार्थियों की सफलता की प्रेरणादायक कहानियों को भी साझा किया गया। प्रदर्शनी का सबसे प्रमुख आकर्षण आधुनिक तकनीकों और नवाचारों पर आधारित तकनीकी वीथिकाएं रहीं, जहां ड्रोन तकनीक, 3डी प्रिंटिंग, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स, ब्लूटूथ नियंत्रित वाहन, लाइन फॉलोइंग रोबोट, ऑब्स्टेकल अवॉइडिंग रोबोट तथा औद्योगिक ऑटोमेशन आधारित अत्याधुनिक मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। इन नवाचारों ने युवाओं एवं विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक की असीम संभावनाओं से परिचित कराया। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में तकनीक के बढ़ते उपयोग को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया, जिसमें किसानों को ड्रोन आधारित कृषि सर्वेक्षण, कीटनाशक छिड़काव, स्मार्ट कृषि उपकरणों तथा आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी देकर कृषि उत्पादकता बढ़ाने एवं लागत कम करने के उपायों को विस्तार से समझाया गया।

सोनभद्र की औद्योगिक क्षमता और आर्थिक योगदान को भी इस प्रदर्शनी में बखूबी रेखांकित किया गया। एनसीएल, आवादा ग्रुप, अदाणी समूह, हिंडालको, ओबरा तापीय परियोजना एवं अल्ट्राटेक जैसी प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयों ने अपनी महत्वपूर्ण परियोजनाओं, उपलब्धियों एवं भविष्य के रोडमैप को प्रस्तुत कर यह साबित किया कि सोनभद्र प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित अटल टिंकरिंग लैब की गतिविधियों को भी प्रदर्शनी में विशेष स्थान दिया गया, जहां स्कूली विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए नवाचार आधारित मॉडल और तकनीकी परियोजनाएं हर किसी के आकर्षण का केंद्र रहीं। इससे समाज में यह सकारात्मक संदेश भी गया कि सरकारी विद्यालय अब केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नवाचार, शोध एवं कौशल विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। कुल मिलाकर यह प्रदर्शनी विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में सोनभद्र के बढ़ते कदमों का एक प्रेरक उदाहरण बन गई है।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

2 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now