सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष विकास प्रदर्शनी में दिखी विकसित भारत की भव्य तस्वीर, समाज कल्याण राज्य मंत्री ने किया चार दिवसीय आयोजन का शुभारंभ

SHARE:

हर्षवर्धन, सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पंचायत रिसोर्स सेंटर में एक भव्य चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ की गई। इस प्रदर्शनी में विकास, जनभागीदारी एवं आत्मनिर्भर भारत की अद्भुत झलक देखने को मिल रही है। इस गरिमामयी अवसर पर विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य, विधायक सदर भूपेश चौबे, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद रामसकल, पूर्व सांसद नरेन्द्र सिंह कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विकास प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र, वित्तीय सहायता और विभिन्न प्रकार की सहायता सामग्री का वितरण किया गया। इसके तहत वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों को पेंशन स्वीकृति पत्र, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने के लिए स्मार्ट फोन, आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को मुफ्त इलाज की सुविधा से लैस आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को रोजगार शुरू करने के लिए स्वीकृति चेक तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके पक्के मकान का स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही, सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देते हुए रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा शिक्षा को सुगम बनाने के उद्देश्य से अनुसूचित जनजाति वर्ग के मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिलें भी प्रदान की गईं।

समारोह को संबोधित करते हुए समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आज केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना जैसी क्रांतिकारी योजनाएं करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक और ऐतिहासिक बदलाव ला रही हैं। इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता तथा अन्य उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों एवं जनहितकारी योजनाओं की भूरि-भूरि सराहना की।

सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में जनपद निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि तकनीक, नवाचार और जनकल्याण से आज सोनभद्र की तस्वीर बदल रही है। तकनीकी नवाचारों, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा रोजगारपरक पहलों के माध्यम से जिले में नए अवसर सृजित हो रहे हैं, जिससे आमजन के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हो रहा है। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी सुश्री जागृति अवस्थी ने मंच पर मौजूद सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति धन्यवाद व आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन सुश्री ऋचा ओझा द्वारा किया गया। इस चार दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, तकनीकी नवाचारों तथा विकसित भारत के संकल्प को बेहतरीन ढंग से प्रदर्शित किया गया है, जिसे देखने और समझने के लिए पहले ही दिन से बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पहुंच रहे हैं।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

2 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now