मेधावी छात्रों के सम्मान समारोह में बोले CM योगी: सफलता का मार्ग परिश्रम से निकलता है, छात्र सोशल मीडिया से बनाएं दूरी

SHARE:

लखनऊ। मुख्यमंत्री ने सोमवार को लोक भवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान यूपी बोर्ड, संस्कृत शिक्षा परिषद, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के कुल 223 राज्य स्तरीय मेधावी छात्र-छात्राओं को एक-एक लाख रुपए का चेक, टैबलेट, मेडल व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में मेधावियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी गौरव प्रदान किया गया। मेधावियों को सफलता का मूल मंत्र देते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं से सोशल मीडिया से दूरी बनाने का पुरजोर आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छात्र अधिकतम 10 से 15 मिनट तक ही सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें, क्योंकि यदि इसमें फंसे तो पूरा कीमती समय व्यर्थ हो जाएगा और परिणाम शून्य आएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर उपलब्ध ज्यादातर कंटेंट अफवाहों और झूठ पर आधारित होते हैं। किसी भी प्रतियोगिता या इंटरव्यू में कोई आपसे आपके फॉलोअर्स की संख्या नहीं पूछेगा। जीवन में सफलता का मार्ग केवल और केवल कठिन परिश्रम से निकलता है, शॉर्टकट अपनाने से नहीं। इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास करें। इस गरिमामयी अवसर पर माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, महापौर सुषमा खर्कवाल, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा, माध्यमिक शिक्षा विभाग की सचिव किंजल सिंह और महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने समारोह में शिक्षकों को नसीहत देते हुए कहा कि छात्रों का पसीना छुड़ाने या उन्हें परेशान करने के लिए परीक्षा के पेपर न बनाए जाएं, बल्कि प्रश्न ऐसे होने चाहिए जिन्हें छात्र थोड़े से प्रयास के साथ आसानी से हल कर सकें। शिक्षा व्यवस्था के बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नौ साल पहले तक बोर्ड परीक्षाओं में नकल होती थी, शिक्षक भर्ती रुकी हुई थी और विद्यालय जर्जर थे। तब छात्रों को लगता था कि अंत में सब जुगाड़ से ही होना है तो मेहनत क्यों करें, लेकिन आज स्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। शिक्षा के व्यापक अर्थ को समझाते हुए उन्होंने कहा कि विद्या को केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं रखा जा सकता। हमें ऐसी शिक्षा देनी होगी जो जीवन के हर क्षेत्र में मुक्ति का मार्ग साफ करे, चुनौतियों से लड़ने की प्रेरणा दे और राष्ट्र को आगे बढ़ाए। हमारे इतिहास में श्रीराम भी रहे हैं और श्रीकृष्ण भी। जहां मथुरा में मुरली की मधुरता की जरूरत थी, वहीं धर्म की स्थापना के लिए सुदर्शन चक्र की भी आवश्यकता पड़ती है, तभी समाज आगे बढ़ पाता है। दुनिया में भारत का सम्मान हमेशा उसकी ज्ञान की सबसे बड़ी धरोहर के कारण रहा है और यह मेधावी सम्मान समारोह उसी समृद्ध कड़ी का एक अहम हिस्सा है।

समारोह के दौरान राज्य स्तरीय मेरिट सूची के आंकड़ों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि कुल 223 मेधावियों में 85 छात्र और 138 छात्राएं शामिल हैं, जो यह दर्शाता है कि बेटियों ने मेरिट में बाजी मारी है। हाईस्कूल के 115 मेधावियों में केवल 34 छात्र और 81 छात्राएं हैं, जबकि इंटरमीडिएट में 9 छात्र और 14 छात्राएं अपनी जगह बना पाए हैं। छात्राओं के इस शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने छात्रों की कम संख्या पर चुटीले अंदाज में तंज कसा और कहा कि ऐसा लगता है जैसे अब लड़के घरों में झाड़ू-पोछा ज्यादा लगाने लगे हैं। उन्होंने छात्रों को छात्राओं से कड़ी प्रेरणा लेने और भविष्य में और बेहतर अंक लाने की सीख दी। अंत में मेधावियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में कभी भी यह भ्रम न पालें कि केवल ‘मैं ही सही हूं और बाकी सब गलत’। व्यक्ति की असफलता का दौर तभी शुरू होता है जब वह अति आत्मविश्वास (ओवरकॉन्फिडेंस) से भर जाता है। पाठ्यक्रम हो या आम जीवन, हर छोटी से छोटी बात पर बारीकी से ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि छात्र जीवन की यह उम्र अपने भविष्य का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए सबसे उपयुक्त समय है, इसलिए आप जिस भी क्षेत्र में आगे बढ़ें, उसका पूरी गहराई के साथ अध्ययन करें और जहां से भी अच्छा ज्ञान मिले, उसे ग्रहण करने के लिए हमेशा तत्पर रहें।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now