सनभद्र। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण और आपसी सौहार्द के वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सुरक्षा और सतर्कता को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर व्यापक स्तर पर पुलिस गश्त, चेकिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है।
इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने भारी पुलिस बल के साथ खुद थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के अंतर्गत फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों व राहगीरों से बातचीत कर उन्हें पूरी सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पर्व की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे जिले को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल व क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के नेतृत्व में थाना दुद्धी क्षेत्र में, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के नेतृत्व में थाना पिपरी क्षेत्र में, क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय द्वारा थाना शाहगंज क्षेत्र में, क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर द्वारा थाना पन्नूगंज क्षेत्र में तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के नेतृत्व में थाना ओबरा क्षेत्र के अंतर्गत सुरक्षा बलों ने मार्च किया। इसके साथ ही जनपद के अन्य सभी थानों की पुलिस ने भी अपने-अपने इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरकर फ्लैग मार्च किया और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति को परखा।

इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता के मन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करना और समाज में शांति का माहौल तैयार करना था। पुलिस अधिकारियों ने मार्च के दौरान लोगों से अपील की कि वे आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और एक-दूसरे के प्रति सम्मान बनाए रखते हुए इस पावन पर्व को मनाएं। इसके साथ ही पुलिस ने असामाजिक और अराजक तत्वों को बेहद कड़े लहजे में चेतावनी दी है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, धार्मिक भावनाएं भड़काने, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट डालने, हुड़दंग मचाने या कानून व्यवस्था को हाथ में लेने का प्रयास करने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और आम जनता के साथ सीधा संवाद भी स्थापित किया है। सभी से त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया गया है। कानून व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहें, संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखें और रात की गश्त को और अधिक प्रभावी बनाएं। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए जनपद पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरों, प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी और सोशल मीडिया सेल के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को पैदा होने से पहले ही रोका जा सके। सोनभद्र पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें और आसपास दिखने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराएं। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन हर आवश्यक कदम उठा रहा है।
Author: Harsh Vardhan
7 years experience in the field of journalism.





