मिर्जापुर। जनता से धोखाधड़ी करने और तौल में घटलौती करने वाले मुनाफाखोर दुकानदारों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के कड़े और सीधे निर्देश पर तौल में हेराफेरी करने वाले दो व्यापारियों के विरुद्ध थाना संतनगर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिलाधिकारी की इस त्वरित और कड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के बेईमान व्यापारियों और जमाखोरों में हड़कंप मच गया है। दरअसल, संतनगर थाना क्षेत्र के पडरिया खुर्द निवासी सुभाष मौर्या ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के जनता दर्शन में उपस्थित होकर लिखित शिकायत की थी कि करौंदा निवासी व्यापारी अनिल पुत्र शिव शंकर और उनके साथी तौल में सीधे 5 किलोग्राम की भारी घटलौती कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को लगातार आर्थिक चपत लग रही है।
जनता दर्शन में मिली इस गंभीर शिकायत को जिलाधिकारी ने अत्यंत संवेदनशीलता से लिया और मामले की जमीनी हकीकत जानने के लिए तत्काल अपर उपजिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) सदर गुलाब चन्द्र, क्षेत्राधिकारी (सीओ) पुलिस एवं बाट-माप अधिकारी मिर्जापुर की एक संयुक्त उच्चस्तरीय जांच टीम गठित कर मौके पर छापेमारी के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के आदेश मिलते ही हरकत में आई एसडीएम गुलाब चन्द्र के नेतृत्व वाली जांच टीम ने संबंधित व्यापारियों के ठिकानों पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम ने पाया कि व्यापारियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे तौल के पैमाने सही नहीं थे और घटलौती की शिकायत मौके पर पूरी तरह सच पाई गई। सरकारी तंत्र की इस औचक कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले में घटलौती की पुष्टि होने के बाद एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र ने मौके पर ही कड़ी विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेश पर बाट-माप निरीक्षक मिर्जापुर महेंद्र कुमार गुप्ता ने तत्काल संतनगर थाने में दोनों आरोपी व्यापारियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दी गई तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) तथा विधिक मापविज्ञान अधिनियम 2009 की धारा 26 के अंतर्गत नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ लालगंज अमर बहादुर के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी संतनगर ने मामले की कमान संभालते हुए मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों के खिलाफ विधिक जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया बेहद तेजी से शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के कड़े तेवरों के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे द्वारा की गई इस बड़ी संयुक्त कार्रवाई के बाद से जिले के बाजार में हड़कंप का माहौल है। इस कार्रवाई की कमान संभालने वाले अपर एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र, सीओ लालगंज अमर बहादुर और बाट-माप निरीक्षक महेंद्र कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से चेतावनी दी है कि उपभोक्ताओं के अधिकारों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने साफ लफ्जों में निर्देश जारी किए हैं कि तौल में चोरी और घटलौती करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार और पूरी कड़ाई के साथ जारी रहेगा, ताकि आम जनता को उनके हक की पूरी सामग्री मिल सके और बाजार में पारदर्शिता बनी रहे।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.





