जाम नाली से वार्ड नंबर 25 के लोग परेशान,  बेफिक्र जिम्मेदार

SHARE:

राबर्ट्सगंज, सोनभद्र। जिले की एक मात्र नगर पालिका परिषद के नई बस्ती रोड, वार्ड नंबर 25 के लोग इन दिनों नाली जाम की समस्या से बेहद परेशान हैं। नगर पालिका परिषद के विकास और स्वच्छता के बड़े-बड़े दावों के बीच इस प्रमुख मार्ग की एक साइड की पूरी नाली पिछले कई महीनों से पूरी तरह से जाम पड़ी है, जिसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। हैरानी की बात यह है कि करीब दो महीने पहले नगर पालिका द्वारा सड़क की दूसरी पटरी की नालियों का निर्माण कार्य कराया गया था। लेकिन गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण, उस निर्माण कार्य से निकला कुछ मलबा और सिल्ट दूसरी पटरी के एक खाली स्थान पर लाकर डंप कर दिया गया। देखते ही देखते वह भारी-भरकम मलबा सड़क किनारे की चालू नाली में धंस गया, जिससे पूरी की पूरी नाली ही पूरी तरह चोक हो गई। इसके अलावा, इस पटरी पर आधी नाली का निर्माण करके उसे अधर में ही छोड़ दिया गया है, जो नगर पालिका की घोर लापरवाही को साफ तौर पर उजागर करता है।

इस समय स्थिति यह है कि खुली और जाम पड़ी नालियों का बदबूदार, गंदा पानी अब ओवरफ्लो होकर पटरी पर बह रहा है। भीषण गर्मी के इस मौसम में इस सड़ते पानी के कारण पूरे इलाके में असहनीय बदबू फैली हुई है, जिससे राहगीरों का वहां से गुजरना दुश्वार हो गया है। स्थानीय निवासियों का घरों में रहना भी दूभर हो चुका है। गंदे पानी के ठहराव की वजह से क्षेत्र में मच्छरों का भयंकर प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों और महामारी फैलने का खतरा लगातार मंडरा रहा है। स्थानीय सजग नागरिकों ने इस समस्या को लेकर अपने वार्ड मेंबर से कई बार गुहार लगाई, लेकिन जनप्रतिनिधि से लेकर नगर पालिका तक पूरी तरह कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है। महीनों बीत जाने के बाद भी न तो इन जाम नालियों की सफाई के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया और न ही अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करने की जहमत उठाई गई।

 

नगर पालिका प्रशासन की इस घोर उपेक्षा से मोहल्लेवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। नई बस्ती रोड के निवासी श्याम शंकर, विजय, दीपक, शिव शंकर और हर्ष सहित तमाम नागरिकों ने नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष से पुरजोर मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लिया जाए, जाम नाली की युद्धस्तर पर सफाई कराई जाए और अधूरी छोड़ी गई नाली का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराकर उन्हें इस नरकीय स्थिति से मुक्ति दिलाई जाए। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो आगामी बरसात के मौसम में यह समस्या और भी ज्यादा भयावह रूप अख्तियार कर लेगी।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

7 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now