सोनभद्र। शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए शनिवार को तहसील ओबरा में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याओं को सुना। अधिकारियों ने एक-एक कर जनता की शिकायतों का संज्ञान लिया और मौके पर उपस्थित संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि हर शिकायत का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें, ताकि पीड़ितों को न्याय के लिए भटकना न पड़े। पुलिस अधीक्षक ने भी कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर पुलिस अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने को कहा। इसी क्रम में जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी प्रशासन सक्रिय नजर आया, जहां अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) श्री ऋषभ रुणवाल ने तहसील दुद्धी में मोर्चा संभाला। साथ ही, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने-अपने सर्किल की तहसीलों में जनता की समस्याओं को सुना और उनके प्रभावी समाधान हेतु मातहतों को निर्देशित किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.





