कुशाग्र कौशल शर्मा, सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर जनपद की व्यापारिक समस्याओं और भविष्य की विकास संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि सोनभद्र की भौगोलिक स्थिति बेहद खास है, क्योंकि यह बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे चार राज्यों की सीमाओं से जुड़ा है। उन्होंने सुझाव दिया कि लॉजिस्टिक और ट्रांसपोर्ट के दृष्टिकोण से यहाँ वेयरहाउसिंग और मल्टी-स्टेट हब स्थापित किए जा सकते हैं। इसके लिए उन्होंने 600 से 800 एकड़ जमीन का लैंड बैंक तैयार करने या ‘लैंड पूलिंग’ (भूमि समेकन) मॉडल अपनाने का प्रस्ताव रखा, ताकि भूमि अधिग्रहण के विवादों से बचते हुए विकास और जनहित में संतुलन बना रहे। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि ऐसा होता है, तो सोनभद्र चार राज्यों के व्यापारिक प्रवेश द्वार के रूप में विकसित होकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने जनपद में पर्यटन की अपार संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मुक्का फाल, धनरौल बांध, विजयगढ़ किला और फॉसिल्स पार्क जैसे स्थलों को इको-टूरिज्म, एडवेंचर और होटल रिसॉर्ट के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे न केवल पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय आदिवासी युवकों को गाइड के रूप में रोजगार भी मिलेगा। इसी क्रम में नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन ने ट्रैकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और बोटिंग जैसे एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने की बात कही। जिला कोषाध्यक्ष शरद जायसवाल और उपाध्यक्ष राजेश व प्रदीप जायसवाल ने कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि क्लस्टर मॉडल के जरिए ऑर्गेनिक खेती, हर्बल प्रोडक्ट और कोल्ड स्टोरेज की इकाइयां लगाकर यहाँ की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।
व्यापारियों ने स्थानीय समस्याओं को उठाते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। टीपू अली और नागेंद्र मोदनवाल ने बताया कि करोड़ों की लागत से रोडवेज बस स्टैंड बनने के बावजूद बसें आज भी फ्लाईओवर के नीचे से संचालित हो रही हैं। उन्होंने रोष व्यक्त किया कि पिछले एक वर्ष से उद्योग बंधु की बैठकों में यह मुद्दा उठाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से कौशल शर्मा, प्रशांत जैन, शरद जायसवाल, राजेश जायसवाल, राजू जायसवाल, सिद्धार्थ सांवरिया, प्रदीप जायसवाल, टीपू अली, कृष्णा सोनी, नागेंद्र मोदनवाल, यशपाल सिंह, विनय जायसवाल, दिनेश सिंह, पंकज कनोडिया, अभिषेक साहू और अभिषेक गुप्ता सहित कई अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
Author: Harsh Vardhan
7 years experience in the field of journalism.





