मिर्जापुर:  चौकी पर पुलिसकर्मियों से मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई, तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

उमेश, मिर्जापुर: जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां अस्पताल चौकी के भीतर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद समेत कई अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटनाक्रम की शुरुआत बुधवार रात एक ई-रिक्शा चालक के साथ हुई मारपीट से हुई थी, जिसका विवाद सुलझाने के लिए पक्ष चौकी पहुंचे थे। वहां ई-रिक्शा चालक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवकों की पिटाई कर दी, जिसके बाद भड़के अन्य लोगों ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए पुलिसकर्मियों पर ही हमला बोल दिया और उनके साथ अभद्रता व मारपीट की।

सीओ सिटी विवेक जावला ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सदर अस्पताल चौकी प्रभारी मनोज कुमार राय की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में ग्राम मेवली निवासी भरत तिवारी, मनोज त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी और रामबाग निवासी विक्की उर्फ हरेंद्र प्रताप शामिल हैं। पुलिस ने दबिश देकर भरत, मनोज और विकास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और खाकी पर हाथ उठाने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस अन्य सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात हमलावरों की पहचान कर रही है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now