शादी से लौट रही कार पलटने से तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत, चार घायल; गांव में पसरा मातम

SHARE:

सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी स्थित भेलाही बांधा के समीप शनिवार भोर में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह से लौट रही बारातियों की जायलो कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक समेत चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतकों की पहचान ससनई (थाना कोन) निवासी नीतीश यादव (25), जितेंद्र चौधरी (22) और दिलीप पासवान (22) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चोपन क्षेत्र के कन्हौरा गांव से अखिलेश चौधरी की बारात पवनी (थाना रायपुर) गई थी। समारोह से लौटते समय कार में चालक सहित कुल आठ लोग सवार थे। गंभीर रूप से घायल चालक छोटेलाल साहनी और पंकज चौधरी समेत अन्य घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

सीओ रणधीर मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। एक साथ तीन दोस्तों की मौत से ससनई और कन्हौरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिलीप के पीछे उनकी पत्नी और दो मासूम बेटियां हैं, नीतीश का एक साल का बेटा है, वहीं जितेंद्र की पत्नी गर्भवती हैं। हादसे में हुई इन मौतों ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

7 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now