सोनभद्र। साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में गोरखपुर निवासी प्रदीप सिंह को एम्स गोरखपुर के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त पर आरोप है कि उसने शक्तिनगर निवासी एक व्यक्ति से करीब 2.27 करोड़ रुपये की ठगी की थी।
प्रकरण के अनुसार, शक्तिनगर के बीना निवासी युगल किशोर तिवारी को जनवरी 2025 में अज्ञात व्यक्ति द्वारा ‘शेयरखान एज’ नामक ट्रेडिंग ऐप का लिंक भेजकर डाउनलोड कराया गया था। इसके बाद शेयर बाजार में ऊंचे मुनाफे का झांसा देकर विभिन्न किस्तों में उनसे कुल 2,27,02,616 रुपये हड़प लिए गए। मामले की जांच के दौरान साइबर पुलिस ने पाया कि ठगी की रकम गोरखपुर स्थित एक्सिस बैंक के एक खाते में ट्रांसफर की गई थी, जो प्रदीप सिंह के नाम पर था। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अभियुक्त ने गोरखपुर के बैंक रोड स्थित विंध्यवासिनी कॉलोनी में एक फर्जी कार्यालय खोल रखा था। पकड़े जाने से बचने के लिए उसने ऑफिस के बाहर ‘सोलर फ्रेंचाइजी’ का बोर्ड लगा रखा था, जबकि अंदर करीब 10 युवकों के माध्यम से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का खेल संचालित किया जा रहा था।
पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त ने गोरखपुर के ही कई अन्य लोगों से भी इसी तरह लाखों की धोखाधड़ी की है, जिसके संबंध में वहां के कोतवाली थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने अभियुक्त के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है। इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और संलिप्त लोगों के बारे में भी पुलिस गहनता से छानबीन कर रही है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





