- सोनभद्र में कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, 260 कीटनाशी दुकानदारों के लाइसेंस निलंबित
हर्षवर्धन, सोनभद्र। जनपद में कृषि विभाग ने नियमों की अनदेखी करने वाले कीटनाशी विक्रेताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक साथ 260 दुकानदारों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। अनिवार्य ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया पूरी न करने के कारण की गई इस बड़ी कार्रवाई से जिले के कीटनाशक कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि कीटनाशकों की बिक्री और वितरण प्रणाली को पारदर्शी व व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सभी विक्रेताओं के लिए आईपीएमएस (IPMS) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य किया गया था। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कई विक्रेताओं द्वारा पंजीकरण में रुचि नहीं ली गई, जिसे विभाग ने गंभीर लापरवाही मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन दुकानदारों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, उन्हें अपनी प्रक्रिया सुधारने के लिए 15 दिन की अंतिम मोहलत दी गई है। इस निर्धारित अवधि के भीतर यदि ऑनलाइन पंजीकरण का कार्य पूरा नहीं किया गया, तो संबंधित दुकानदारों के लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त कर दिए जाएंगे। साथ ही, समयसीमा बीतने के बाद भी नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कीटनाशी अधिनियम 1968 के तहत सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला कृषि रक्षा अधिकारी के अनुसार, किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्रवाई के माध्यम से अवैध रूप से संचालित दुकानों और नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की तैयारी है, ताकि भविष्य में खेती-किसानी के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





