- राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने सर्किट हाउस सोनभद्र में की जनसुनवाई
- उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
सोनभद्र। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान एवं आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा द्वारा जनपद सोनभद्र स्थित सर्किट हाउस सभागार में महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों की जनसुनवाई की गई।
जनसुनवाई के दौरान अध्यक्ष द्वारा प्राप्त प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न के मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राज्य महिला आयोग द्वारा समय-समय पर महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे महिलाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओ व महिला आरक्षियों को मा. अध्यक्ष एवं सदस्य द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर म0 हे0का0 किरन यादव, म0का0 दीपा, म0का0 उमावती, म0का0 अंजली सरोज तथा म0का0 अर्चना को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस विभाग से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी डॉ. चारू द्विवेदी, एएचटी थाना प्रभारी, महिला थाना रॉबर्ट्सगंज, महिला थाना दुद्धी, महिला सहायता प्रकोष्ठ के अधिकारी/कर्मचारीगण सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
Author: Harsh Vardhan
7 years experience in the field of journalism.





