- महिला आयोग की अध्यक्ष ने सोनभद्र दौरे के दौरान सुनी महिलाओं की समस्याएं, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
सोनभद्र। शुक्रवार को महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस में महिलाओं की समस्याओं को सुनने के लिए जनसुनवाई की। जनसुनवाई में महिलाओं से जुड़े कई मामलों को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए।
सोनभद्र के सर्किट हाउस में आयोजित इस जनसुनवाई में सीडीओ जागृति अवस्थी, सीओ चारु द्विवेदी सहित महिला कल्याण विभाग की कर्मचारी भी मौजूद रहीं। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने महिलाओं की शिकायतों को सुनकर उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों से चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कई ब्यूटी पार्लरों में पुरुष सदस्य महिलाओं का मेकअप करते हैं। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो वहां महिलाओं को ही रोजगार दिया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बच्चों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कक्षा 5 तक के बच्चों को मोबाइल फोन न देने की सलाह दी। साथ ही कहा कि हाल ही में छोटे बच्चों को मोबाइल पर होमवर्क न देने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि मोबाइल की लत से बच्चों की स्मरण शक्ति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सरकारी कार्यालयों में महिला उत्पीड़न की रोकथाम के लिए समितियां गठित हैं और उनकी समय-समय पर समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं निजी क्षेत्रों में भी जहां महिलाएं काम करती हैं, वहां समितियां तो बनाई जाती हैं लेकिन वे सक्रिय नहीं रहतीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निजी संस्थानों में इन समितियों को सक्रिय किया जाए और नियमित रूप से उनकी समीक्षा बैठक कराई जाए। साथ ही महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने जनपद में पहुंचने पर परंपरागत रीति रिवाज के तहत अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम में रस्म अदाएगी की और उपस्थित महिलाओं और बच्चों को आशीर्वाद दिया, साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिलाओं को भी प्रशस्ति पत्र देखकर सम्मानित किया है
Author: Harsh Vardhan
7 years experience in the field of journalism.





